वाराणसी। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति एवं वाराणसी मंडल के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विकास खंड चिरईगांव के ग्राम सभा अमौली के प्राथमिक विद्यालय पर आयोजित चौपाल में शासन की ग्राम स्तर पर संचालित योजनाओं की जानकारी दी। कहाकि गांव की खुशहाली लौटाने पर संयुक्त प्रयास होना चाहिए।

उन्होंने किसानों से पूछा कि क्या खेतों में प्रयोग होने वाले इंसेक्टिसाइड्स व पेस्टिसाइड्स की पहुंच गंगा के जल तक हो रही। लोगों ने बताया कि वर्तमान में गंगा में किसी भी तरह के गंदे पानी का मिलान नही हो रहा। मंत्री ने गंगा किनारे बसे गांवों में हो रही आर्गेनिक व प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर बल दिया। इस दौरान उन्होंने पीने के पानी की आपूर्ति, किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, सब्सिडाइज्ड बीज व खाद, राशन वितरण, गर्भवती महिलाओं की देखभाल व उनको शासन से मिल रही योजनाओं की जानकारी ली। आंगनबाड़ी से बच्चों को मिल रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में चिरईगांव ब्लॉक प्रमुख अभिषेक सिंह द्वारा अपने विकास खंड के 76 में 33 गांव बाढ़ प्रभावित होने की जानकारी दी गयी। इस पर मंत्री ने बाढ़ फंड से कार्य कराने का भरोसा दिया।
अंत में प्रभारी मंत्री ने गांव की खुशहाली के लिए 5 बातों का लोगों से पालन करने की अपील की। कहा कि घर में माता-पिता की सेवा व देखभाल, बच्चों को पढ़ाना-लिखाना, शराब व गुटखे के सेवन से दूर रहना, सरकारी संपत्तियों को नुकसान न पहुंचाना और जल संचय पर विशेष ध्यान दें। इस दौरान आसपास के ग्राम पंचायत सभा के ग्राम प्रधानो ने अपनी समस्या रखी, जिस पर उन्होंने कार्यवाही का भरोसा दिया।
इसके बाद स्वतंत्र देव सिंह ने छोटी मलदहिया मलिन बस्ती में भ्रमण कर वहां रह रहे लोगों से उनका कुशलक्षेम पूछा। मलिन बस्ती के बुजुर्ग दलित से उनका हालचाल पूछे जाने के दौरान मंत्री ने उन्हें माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों को उन्होंने पेयजल, सीवर एवं सफाई व्यवस्था को सुचारू रूप से सुनिश्चित कराए जाने का निर्देश दिया। इससे पूर्व उन्होंने मलदहिया चौराहे पर लगे लौह पुरुष बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
इस दौरान राज्यमंत्री समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास विभाग एवं प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोड़, महापौर मृदुला जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर सहित नगर आयुक्त प्रणय सिंह, अपर नगर आयुक्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जोनल अधिकारी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी रहे।