वाराणसी। भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक गुरुवार को रोहनियां स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। इसमें प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले सेवा पखवारा को लेकर चर्चा की। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए एडवांस प्लानिंग के तहत काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित है। सरकार की सेवा व गरीब कल्याण की नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश ही नहीं पूरे देश में प्रधानमंत्री के प्रति जनता के मन में विश्वास और भी अधिक गहरा हुआ है। देश में उत्तर प्रदेश और, उत्तर प्रदेश में काशी का महत्वपूर्ण स्थान है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां के सांसद हैं। उनके जन्मदिन के उपलक्ष्य में संगठन की ओर से सेवा पखवारा शुरू किया जा रहा है। इसके जरिए विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से पार्टी जनसरोकार के कार्यों से जुड़ेगी। कहा कि 17 सितंबर से दो अक्टूबर को गांधी जयंती तक अभियान चलेगा। पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व व कृतित्व पर जिला स्तर पर प्रर्दशनी लगाएंगे। इसके साथ ही स्टाल लगाकर पार्टी कार्यकर्ता Modi@20 सहित प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व व प्रशासनिक कार्यकुशलता से जुडे़ विषयों पर आधारित पुस्तकों को जनसामान्य तक पहुंचाएंगे। 17 सितम्बर को युवा मोर्चा के कार्यकर्ता ‘रक्तदान महादान‘ संकल्प के साथ विधानसभा स्तर पर रक्तदान शिविर लगाकर रक्तदान करेंगे। दिव्यांगजन को कृत्रिम अंग तथा उपकरण वितरित किए जाएंगे। जल ही जीवन के मंत्र के साथ जल संरक्षण व संवर्धन के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। योजनाओं के लाभार्थी पीएम को अभिनंदन पत्र भेजकर शुभकामनाएं देंगे। कन्नौज के सांसद सुब्रत पाठक और क्षेत्रीय अध्यक्ष महेशचंद श्रीवास्तव ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। संचालन क्षेत्रीय महामंत्री सुशील त्रिपाठी व धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्रीय महामंत्री अशोक चौरसिया ने किया। प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद् सदस्य लक्ष्मण आचार्य, प्रदेश मंत्री मीना चौबे, अनामिका चौधरी, संजय राय, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, क्षेत्रीय महामंत्री संतोष पटेल, जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, विधायक व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश जायसवाल, राकेश त्रिवेदी, कौशलैंद्र सिंह पटेल, दिलीप सिंह पटेल, अमरनाथ यादव, अशोक तिवारी, सुदामा पटेल, राजेश राजभर, प्रदीप अग्रहरि, नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर, श्रीप्रकाश शुक्ला रहे।
निकाय चुनाव की तैयारी में जुटें कार्यकर्ता
प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने आगामी निकाय चुनाव और शिक्षक चुनाव को लेकर भी चर्चा की। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अभी से चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। परिसीमन, मतदाता सूची, मतदान केंद्र, बूथों पर सामाजिक समीकरण और पोलिंग बूथ पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।