सीएम योगी ने लहराई तीनों अनी अखाड़ों की धर्म ध्वजा, संतों-महंतो के साथ आयोजन पर की चर्चा CM Yogi Flying Flag For Three Akharon of Dharam
![सीएम योगी ने लहराई तीनों अनी अखाड़ों की धर्म ध्वजा, संतों-महंतो के साथ आयोजन पर की चर्चा CM Yogi in Prayagraj Kumbh Mela Know All Live Updates](https://spiderimg.amarujala.com/assets/images/2019/01/03/750x506/cm-yogi_1546504916.jpeg)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सुबह प्रयागराज पहुंचे। मुख्यमंत्री का विमान सुबह 10.05 बजे बम्हरौली एयरपोर्ट पर उतरा। यहां भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और आला अधिकारियों ने उनकी आगवानी की। इसके बाद सीएम कुंभ मेला क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने तीनों अनी अखाड़े, पंच निर्वाणी अनी अखाड़ा, पंच निर्मोही अनी अखाड़ा और पंच दिगंबर अनी अखाड़े की धर्मध्वजाएं लहराईं। इसके बाद मेला क्षेत्र में मौजूद अन्य अखाड़ों में जाकर संतों-महंतों और महामंडलेश्वरों के साथ आयोजन को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
सीएम ने सेक्टर 16 में सबसे पहले निर्मोही अनी अखाड़ा फिर नया उदासीन, बड़ा उदासीन, अटल अखाड़ा, अग्नि अखाड़ा, आवाहन अखाड़ा, जूना अखाड़ा, आनंद अखाड़ा, निरंजनी अखाड़ा का भ्रमण किया। इसके बाद महानिर्वाणी अखाड़ा में भ्रमण कर अखाड़े में संतों के साथ भोजन किया।
सीएम आज कई योजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा वह अक्षयवट और बड़े हनुमानजी के दर्शन भी कर सकते हैं। इसके बाद वह सार्वजनिक आवास का उद्घाटन करेंगे। इसी क्रम में उनके सामने स्वच्छता संबंधी वाहनों की परेड होगी। सीएम योगी करीब 3 बजे सेक्टर 1 में पुलिस कार्यालय पहुंचेंगे। फिर मेला क्षेत्र में नाविकों को लाइफ जैकेट वितरित करेंगे। इसके बाद अफसरों के साथ बैठक में कुंभ की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री क्रूज से किला, नैनी ब्रिज आदि स्थलों का अवलोकन करेंगे। मुख्यमंत्री शाम को करीब छह बजे बम्हरौली जाएंगे, फिर वहां से विशेष विमान से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
सीएम शटल बसों का भी करेंगे उद्घाटन
मेला क्षेत्र में शनिवार को ई-रिक्शा से आवागमन शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरी झंडी दिखाकर इस सेवा की शुरुआत करेंगे। इसके साथ वह 50 शटल बसों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। कुंभ के दौरान मेला क्षेत्र में चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा मेला क्षेत्र के बाहर पार्किंग बनाई गई है। वहां से मेला क्षेत्र ई-रिक्शा चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए 500 से अधिक ई-रिक्शा मंगाए गए हैं। इनके लिए मेला क्षेत्र में अलग रूट भी बनाए गए हैं। शहर में तथा पार्किंग स्थलों से परेड तक शटल बसें चलाई जाएंगी। मुख्यमंत्री परेड में दोनों ही सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे।