Amit Shah-PM Modi की BJP ने बनाया एक और रिकॉर्ड, इस मामले में Congress को छोड़ा पीछे
नरेंद्र मोदी- अमित शाह
भारतीय जनता पार्टी के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। उसने अपने इतिहास में इस बार सबसे ज्यादा 437 उम्मीदवारों को लोकसभा चुनाव मैदान में उतारा है। इसके पहले 2009 के लोकसभा चुनाव में उसने सबसे ज्यादा 433 प्रत्याशियों को चुनाव में उतारा था। अब तक की जानकारी के मुताबिक कांग्रेस ने इस बार केवल 423 उम्मीदवारों का नाम घोषित किया है। इसलिए, फिलहाल उम्मीदवारों की संख्या के मामले में कांग्रेस भाजपा से पिछड़ गई है। भाजपा ने इसके पहले 1999 के चुनाव में 339, 2004 के चुनाव में 364 और 2014 के आम चुनाव में 428 उम्मीदवारों को उतारा था। अगर उम्मीदवारों की जीत की बात करें तो इस लिहाज से वह वर्तमान लोकसभा में उसके सबसे ज्यादा 282 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी जो भाजपा के लिए अब तक का सबसे बेहतर नतीजा है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शंकर शुक्ला ने अमर उजाला से कहा कि उनकी पार्टी ने लगभग दो साल पहले ही विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने की उपलब्धि हासिल की थी। भाजपा आज देश के हर कोने में पहुंच गई है। इस लिहाज से उम्मीदवारों की संख्या में बढ़ोतरी उसी के अनुरूप है।
शुक्ला ने कहा कि इसी के साथ हमारे एनडीए के सहयोगियों की संख्या भी 39 तक पहुंच चुकी है। यह बताता है कि हम दूसरे लोगों को अपने साथ जोड़ने में भी अन्य दलों से बहुत आगे हैं। जबकि कांग्रेस के उम्मीदवारों की संख्या और उसके सहयोगियों की संख्या, दोनों में गिरावट आई है।