Kamalnath का हमला- PM Modi बताएं, BJP कार्यालय के लिए 700 करोड़ कहां से आए
तीन चरणों पर पूरे हुए मतदान के बाद देश की 56 फीसदी लोकसभा सीटों पर चुनाव संपन्न हो चुका है। अब चौथे चरण के लिए आज शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा। ऐसे में भाजपा, कांग्रेस समेत सभी राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, योगी आदित्यनाथ, अखिलेश, मायावती, मुलायम सिंह समेत कई राजनेताओं की रैलियां जारी है। आपको दिनभर की चुनावी हलचल की हर अहम जानकारी यहां मिलेगी।
26 अप्रैलः दिनभर की चुनावी हलचल का अपडेट--
-आजम खान पर आचार संहिता उल्लंघन का 14वां मुकदमा दर्ज
सपा नेता आजम खान के खिलाफ रामपुर में आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के सैफनी में आंबेडकर शोभायात्रा में शामिल हुए सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी मोहम्मद आजम खां, बसपा नेता राधेश्याम राही समेत तीन लोगों के खिलाफ डीएम पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रशासन ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन भी माना है।
-मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को देश को यह बताना चाहिए कि उनके हवाई दौरों का खर्चा कौन वहन कर रहा है। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि दिल्ली में भाजपा कार्यालय के लिए 700 करोड़ रुपये कहां से आए। इतना बताने के बाद उन्हें मुझसे सवाल पूछने चाहिए। मालूम हो कि पीएम मोदी ने शुक्रवार को मध्यप्रदेश के सीधी में चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस और सीएम कमलनाथ पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि मध्यप्रदेश में सरकार बनते ही भ्रष्टाचार शुरू हो गया। आयकर विभाग की छापेमारी को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा था।
उत्तर प्रदेश में पीएम मोदी की रैलियां:
-आज उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन रैलियां होंगी। सुबह 11 बजे कन्नौज में, 12:30 बजे हरदोई में और दोपहर दो बजे सीतापुर में पीएम मोदी जनसभा को संबोधित करेंगे।
-कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज पार्टी का गढ़ कहे जाने वाले अपनी और अपनी मां की संसदीय सीट अमेठी और रायबरेली दौरे पर रहेंगे। अमेठी और रायबरेली में वह चुनावी सभा करेंगे।
-भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज झारखंड और ओडिशा दौरे पर हैं। झारखंड के पलामू में सुबह 10:30 बजे उनकी रैली होगी। इसके बाद ओडिशा के मोरादा और डुबरी में उनकी जनसभाएं होंगी।