समीक्षा करने 30 को मुरादाबाद आएंगे मुख्यमंत्री, तैयारियों में जुटे अफसर

सवा ग्यारह बजे से सवा बारह बजे तक मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में पुलिस प्रशासनिक अफसरों से मंडल की कानून व्यवस्था पर फीडबैक लेंगे। कानून व्यवस्था की समीक्षा के बाद वह दोपहर सवा बारह बजे से सवा दो बजे तक मंडल के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेंगे। इसके बाद 30 मिनट का समय आरक्षित रखा गया है। दोपहर पौने तीन बजे वह शहर के प्रमुख निर्यातकों से मुलाकात कर हस्तशिल्प इंडस्ट्री की समस्याओं और जरूरतों को समझेंगे। इसके बाद कुछ दूसरे संगठनों से भी वह मुलाकात करेंगे।
सर्किट हाउस से मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से भदासना हवाई पट्टी पर पहुंचेंगे। यहां उनका रामपुर के पार्टी पदाधिकारियों और कुछ अन्य लोगों से मुलाकात का कार्यक्रम है। शाम को पांच बजकर 50 मिनट पर राजकीय वायुयान से मुख्यमंत्री लखनऊ के लिए रवाना होंगे। इससे पहले 29 जून को मुख्यमंत्री सहारनपुर मंडल की समीक्षा के लिए सहारनपुर जाएंगे।