कनॉट प्लेस के इनर सर्किल को नो व्हीकल जोन बनाने पर व्यापारियों का विरोध

सोमवार को कनॉट प्लेस के व्यापारियों के साथ एनडीएमसी के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में एनडीएमसी ने कनॉट प्लेस को दोबारा नो व्हीकल जोन बनाने पर चर्चा की और व्यापारियों को पूरी योजना से अवगत किया।
व्यापारियों ने दो टूक कहा कि वे इस योजना से सहमत नहीं है। हालांकि पार्किंग की व्यवस्था पर तो व्यापारियों ने एनडीएमसी से सहमति जाहिर जताई लेकिन नो व्हीकल जोन के खिलाफ अड़े रहे।
नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल भार्गव का कहना है कि नो व्हीकल जोन के लिए एनडीएमसी ने योजनागत ढांचा अब तक तैयार नहीं किया है।
यह व्यवस्था लागू हुई तो कनॉट प्लेस पहुंचने वालों को हनुमान मंदिर, शिवाजी स्टेडियम, कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित पार्किंग में ही वाहनों को पार्क करना पड़ेगा। इससे लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
भार्गव ने बताया कि इन सर्किल में पैदल चलने के लिए फुटपाथ और सड़क भी है, जो 20 फुट का है। ऐसे में वाहनों की एंट्री बंद करने की कोई आवश्यकता नहीं है। एनडीएमसी ने अगर नो व्हीकल जोन बनाया तो व्यापार चौपट हो जाएगा।
वाहनों की एंट्री बंद होने से हाकर्स की संख्या बढ़ जाएगी और फुटपाथ पर कब्जा हो जाएगा। इतना ही नहीं कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में वाहनों का दबाव बढ़ेगा जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न होगी।
उल्लेखनीय है कि ढाई साल पहले भी एनडीएमसी ने नो व्हीकल जोन बनाने की कवायद की थी। उस दौरान भी व्यापारियों ने इसका जमकर विरोध किया था। एक बार फिर यह जिन्न बाहर निकाला है। एनडीएमसी का कहना है इस संबंध में व्यापारियों से बातचीत की जा रही है।