रक्षा मंत्री का पद संभालने से पहले वॉर मेमोरियल पहुंचे राजनाथ सिंह, तीनों सेना प्रमुख मौजूद
तीनों सेना प्रमुख के साथ राजनाथ सिंह - फोटो : bharat rajneeti
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार सुबह नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचे। यहां उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। सिंह के साथ सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत, एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ और नौसेना प्रमुख एडमिरल कर्मबीर सिंह भी यहां आए। राजनाथ सिंह आधिकारिक तौर पर आज देश के रक्षा मंत्री का पद संभालेंगे।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रचंड बहुमत से दोबारा जीत कर आए नरेंद्र मोदी को गुरुवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में 25 कैबिनेट, नौ स्वतंत्र प्रभार और 24 राज्य स्तर के मंत्री हैं। मंत्रिमंडल में 21 नए चेहरे हैं जबकि पिछले बार के मंत्रिमंडल के सदस्य रहे 16 मंत्रियों को बाहर कर दिया गया है।
राजनाथ सिंह को सरकार के पहले कार्यकाल में भी टॉप चार मंत्रियों में जगह मिली थी। वह सरकार के पहले कार्यकाल में गृह मंत्री थे। वह 70 के दशक से ही संघ से जुड़े हैं। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह का करीबी माना जाता है।
इस बार उन्हें रक्षा मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया है। सिंह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। वह दो बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष रह चुके हैं और अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश की लखनऊ लोकसभा सीट से चुनाव जीता है।