दुष्कर्म पीड़िता से अस्पताल जाकर मिले सीएम केजरीवाल, 10 लाख रुपये देने का किया एलान
Arvind Krjriwal - फोटो : bharat rajneeti
national political news: मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को द्वारका में दुष्कर्म पीड़ित छह साल की बच्ची से मिलने सफदरजंग अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बच्ची के परिवार के सदस्यों से बातचीत की। सीएम केजरीवाल ने पीड़ित परिवार को दस लाख रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि मैंने डॉक्टर से मुलाकात की, डॉक्टर ने बताया कि पीड़िता की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। हम केस लड़ने के लिए पीड़िता के परिवार को वकील भी मुहैया कराएंगे।
इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल दुष्कर्म की शिकार बनी मासूम से सफदरजंग अस्पताल जाकर मिली थीं। इसके बाद उन्होंने कहा कि खाने का सामान दिलाने के बहाने सुनसान जगह ले जाकर 24 साल के व्यक्ति ने उससे डरा देने वाली बर्बरता से दुष्कर्म किया। बच्ची के शरीर पर जगह-जगह काटने के निशान हैं। चार घंटे बाद एक आदमी ने बच्ची को खून से लथपथ देखकर 181 महिला हेल्पलाइन पर फोन किया।
सफदरजंग अस्पताल में बच्ची की हालत बहुत गंभीर है। बच्ची का आपरेशन करना पड़ा है। उसके पूरे शरीर पर काटने के भी कई निशान हैं। आयोग की टीम ने बच्ची को डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से हालत गंभीर देख उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस मामले में द्वारका सेक्टर 23 थाने में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आयोग पीड़िता को आर्थिक और कानूनी मदद देगा। आयोग ने परिवार की सहायता के लिए आर्थिक मदद की अपील की है। इसके लिए हेल्पलाइन 181 या livingpositive@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
पड़ोसी ने पांच साल की मासूम से किया दुष्कर्म
द्वारका सेक्टर-23 थाना क्षेत्र के भरथल गांव में पांच साल की बच्ची से पड़ोस में रहने वाले 24 वर्षीय युवक ने दुष्कर्म किया। युवक बीते मंगलवार को बच्ची को फ्रूटी पिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया और दुष्कर्म किया। बच्ची को लहूलुहान देखकर एक महिला ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्ची को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बच्ची की हालत स्थिर है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद सेे युवक को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को गांव के लोगों ने आरोपी को फांसी देनेे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और कैंडल मार्च निकाला।
पुलिस के मुताबिक, परिजनों के साथ भरथल गांव में रहने वाली मासूम मंगलवार को घर के बाहर खड़ी थी। पिता के साथ काम करने वाला 24 वर्षीय पड़ोसी युवक उसके पास आया और फ्रूटी पिलाने का बहाना कर अपने साथ ले गया। बच्ची को गांव के एक तालाब के पास ले जाकर उसने दुष्कर्म किया और उसे लहूलुहान छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद उसके परिजनों की पहचान की। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में युवक बच्ची को ले जाते हुए दिख गया। बृहस्पतिवार रात को पुलिस ने एक मंदिर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वह वहां नशे की हालत में था। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि आरोपी फिलहाल कोई काम नहीं करता है।