संघ मानहानि मामले में आज होगी सुनवाई, मुंबई पहुंचे राहुल गांधी
rahul gandhi - फोटो : bharat rajneeti
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बृहस्पतिवार की सुबह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की मानहानि से जुड़े एक मामले में अदालत में पेश हो सकते हैं। पत्रकार गौरी लंकेश के हत्याकांड को भाजपा-आरएसएस की विचारधारा से जोड़ने वाली टिप्पणी करने के लिए राहुल के खिलाफ मानहानि का यह मामला एक संघ कार्यकर्ता ध्रुतिमान जोशी ने दर्ज कराया था। कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि राहुल इस मामले की सुनवाई में शामिल हो सकते हैं।
गौरी लंकेश की सितंबर, 2017 में बंगलूरू में उनके घर के बाहर कथित तौर पर दक्षिणपंथी विचारधारा वाले समूह के सदस्यों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पेशे से वकील जोशी ने 2017 में ही राहुल गांधी, तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, माकपा और उसके महासचिव सीताराम येचुरी के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई थी। जोशी ने आरोप लगाया था कि लंकेश की हत्या के 24 घंटे के अंदर राहुल गांधी ने मीडिया से इस घंटना के पीछे भाजपा और आरएसएस की विचारधारा से जुड़े लोगों का हाथ होने का आरोप लगाया था। शिकायत में येचुरी पर भी इसी तरह का बयान देने का आरोप लगाया गया था।
मझगांव की एक अदालत ने इस साल फरवरी में जोशी की शिकायत पर राहुल गांधी और माकपा नेता सीताराम येचुरी को समन जारी किया था। हालांकि अदालत ने सोनिया गांधी और माकपा को इस मामले में पक्ष मानने से इनकार कर दिया था। अदालत ने कहा था कि किसी की व्यक्तिगत टिप्पणी के लिए पार्टी जिम्मेदार नहीं हो सकती।
बता दें कि राहुल के खिलाफ एक अन्य आरएसएस कार्यकर्ता ने ठाणे जिले के भिवंडी में भी मानहानि का मामला दर्ज कराया हुआ है। यह मामला राहुल द्वारा महात्मा गांधी हत्याकांड के लिए कथित तौर पर संघ को आरोपी कहे जाने के खिलाफ है।