ओडिशा भाजपा के मुख्य व्हिप को अब तक नहीं मिला आवास, फुटपाथ पर सोने को मजबूर
सांकेतिक तस्वीर : bharat rajneeti
ओडिशा विधानसभा में भाजपा के मुख्य व्हिप चरण मांझी ने शुक्रवार को कहा कि भुवनेश्वर में अब तक घर आवंटित नहीं होने की वजह से वह फुटपाथ पर सोने को मजबूर हैं। मांझी तीन बार से कियोनझार के विधायक हैं। उन्होंने शून्य काल के दौरान यह बात कही।
मांझी ने कहा, ‘
ओडिशा विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेने के एक महीने बाद भी राज्य की राजधानी में घर नहीं मिलने पर मैं यहां फुटपाथ पर सो रहा हूं।’ उन्होंने कहा कि उन्हें विधायकों के लिए बने राज्य के अतिथि गृह में भी कोई कमरा नहीं दिया गया है।
विधानसभा के अध्यक्ष एसएन पात्रो का ध्यानाकर्षण करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि गृह विभाग के अतिरिक्त सचिव ने राज्य के अतिथि घर में आवासीय सुविधा देने के उनके आग्रह पर भी कोई ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि दो दिन पहले फुटपाथ पर सोने के दौरान उनका फोन भी चोरी हो गया और कुछ शरारती लोगों ने उनके निजी सहायक पर हमला भी किया। इस पर अध्यक्ष ने उनसे कहा, 'आपकी सारी परेशानियां दूर की जाएंगी। कृपया मेरे कक्ष में बातचीत के लिए आएं।'