गणेशोत्सव: हैदराबाद में विराजमान होंगे 61 फीट के गणपति, दावा- यह प्रतिमा देश में सबसे ऊंची
गणेश चतुर्थी - फोटो : ANI
गणेशोत्सव को लेकर पूरे देश में तैयारियां अपने जोरो-शोरो पर है। इस बार गणेश चतुर्थी दो सितंबर को है। वैसे तो पूरे भारत में ही गणेश चतुर्थी को धूम-धाम के साथ मनाया जाता है। लेकिन महाराष्ट्र में मनाए जाने वाले गणेश चतुर्थी की रौनक पूरे देश के तुलना में अलग होती है। महाराष्ट्र में गणेश चतुर्थी के अवसर पर बेहद आकर्षक तस्वीरें सामने आती है। महाराष्ट्र के साथ-साथ हैदराबाद में भी गणेश उत्सव बड़े धूम-धाम के साथ मनाया जाता है। हैदराबाद के खैरताबाद का गणेश उत्सव भी काफी लोकप्रिय है।
हैदराबाद के खैरताबाद में गणपति प्रतिमा की खासियत मूर्ति का विशाल आकार है। देश भर में जितनी गणेश प्रतिमाएं बनाई जाती हैं उसमें सबसे ऊंची और बड़ी प्रतिमाओं में खैरताबाद के गणपति की भी प्रतिमा होती है। हर साल की तरह इस साल भी यहां गणेश उत्सव की तैयारियां चल रही है। खैरताबाद में 61 फीट ऊंची गणपति की प्रतिमा को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
गणेश प्रतिमा समिति के पंडाल में विराजित की जाएगी। समिति ने दावा किया है कि यह मूर्ति देश में सबसे बड़ी है। इस प्रतिमा के 12 मुंह और 24 हाथ है। सात घोड़ों से साथ गजानन को सूर्यदेव का रूप दिया गया है। इस पूरे काम में कारीगरों को 100 से ज्यादा दिन का समय लगा है।