रक्षा बंधन के दिन करंट लगने से सगे भाई-बहन की मौत, परिवार में मचा कोहराम
प्रतीकात्मक फोटो - फोटो : bharat rajneeti
धनघटा थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव में गुरुवार को रक्षाबंधन के दिन दोपहर में करंट लगने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। परिजनों ने दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। रक्षाबंधन के दिन भाई-बहन की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
राम नवल का 14 वर्षीय पुत्र सत्यम गुरुवार को विद्यालय से झंडारोहण कार्यक्रम में भाग लेकर दोपहर में घर पहुंचा। वह भोजन करने से पहले हैंडपम्प पर लगे टुल्लू पंप को चालू करके हाथ पैर धोने लगा। उसी समय टुल्लू पंप में करंट प्रवाहित होने लगा। करंट लगने से सत्यम वहीं गिरकर तड़पने लगा।
सत्यम को तड़पता देख उसकी बहन 20 वर्षीया शिल्पा दौड़कर उठाने पहुंची और खुद भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों को लेकर परिजन सीएचसी मलौली पहुंचे जहां डॉक्टर ने दोनों के मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर धनघटा पुलिस भी पहुंची और शवों का पंचनामा करवाकर परिजनों को सौंप दिया।