केजरीवाल का दौरा रद्द होने से केंद्र पर हमलावर हुई आप, राजनीतिक दुर्भावना का आरोप
संजय सिंह - फोटो : bharat rajneeti
विदेश मंत्रालय से राजनीतिक मंजूरी नहीं मिल पाने से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मंगलवार को सी- 40 जलवायु सम्मेलन में शिरकत करने डेनमार्क के लिए रवाना नहीं हो सके। इस मसले पर आम आदमी पार्टी (आप) केंद्र सरकार पर हमलावर है। पार्टी ने मंजूरी नहीं मिलने पर दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे भाजपा की सियासी दुर्भावना करार दिया है। आप सांसद संजय सिंह का कहना है कि वह यह समझ नहीं पा रहे हैं कि केंद्र सरकार क्यों आप के साथ इस तरह का अन्यायपूर्ण व्यवहार कर रही है। अरविंद केजरीवाल छुट्टी मनाने के लिए डेनमार्क नहीं जा रहे थे। उन्हें 100 शहरों के मेयर से प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई लड़ने के तरीकों पर चर्चा करनी थी।
सिंह ने केंद्र सरकार से सवाल किया है कि मुख्यमंत्री के कितने आधिकारिक दौरे आज तक रद्द किए गए हैं? केजरीवाल ने करीब डेढ़ महीने पहले आवेदन किया था, लेकिन मंजूरी नहीं मिल सकी। जबकि इसी कार्यक्रम में जाने के लिए पश्चिम बंगाल के मंत्री को इजाजत मिल गई है।