
हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 के मद्देनजर हिसार जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशाल रैली को संबोधित किया। इससे पहले पीएम मोदी ने सोनीपत के गोहाना में एक चुनावी रैली की। पीएम मोदी ने मंच से कांग्रेस, पाकिस्तान और हरियाणा के विपक्षी नेताओं पर जमकर हमला बोला। वहीं पिछले पांच साल में हरियाणा सरकार और अपनी सरकार के काम गिनाए।
पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा ने मुझे शिक्षा, चेतना और ऊर्जा दी है। इस बार लोकसभा चुनाव में आपका आशीर्वाद हम सबको मिला। हरियाणा के लोगों ने ठान लिया था कि मोदी की झोली भर देनी है और अब फिर आपके बीच आया हूं तो आपके उस प्यार के लिए, आशीर्वाद के लिए सर झुकाकर नमन करता हूं। आपने भाजपा और मुझ पर जो आशीर्वाद बरसाया है वो अभिभूत करने वाला है।
मोदी ने कहा कि आज भी जहां तक नजर पहुंच रही है वहां तक लोग ही लोग नजर आ रहे हैं। ये जो प्यार है उसे दिल्ली में एयरकंडीशनर में बैठकर महसूस नहीं किया जा सकता। हिसार ही नहीं पूरा हरियाणा फिर एक बार भाजपा सरकार के पक्ष में खड़ा है।
यह बात मैं किसी कही-सुनी बात पर नहीं कर रहा हूं। अखबार और सर्वे रिपोर्ट पढ़कर नहीं कह रहा हूं। अपने अनुभव के आधार पर कह रहा हूं, जो आंखों से देखा, जो दिल को छू गया। उसको महसूस कर कह रहा हूं। इस बार हरियाणा अब तक के सभी चुनावी नतीजों को ब्रेक कर आगे निकलने वाला है। मेरे लिए हरियाणा दूसरा घर है। मुझ पर हरियाणा का पूरा हक है।
पांच साल आपने दिल्ली में और हरियाणा में सेवा करने का मौका दिया। अब डबल इंजन की सरकार आपकी सेवा करेगी। इसीलिए आज हिसार आया हूं।
कांग्रेस का हल क्या है आपको तो पता है। अभी उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है। कांग्रेस का नेता हरियाणा के नेता को संसद में आंखें दिखा रहा है। क्या ऐसा अपमान हरियाणा बर्दाश्त करेगा। उनकी बातों में साफ झलक रहा था कि 10-15 सीटें ले पाएं तो बहुत है।
ये उनके शब्द हैं। जो मैदान छोड़ चुके हैं, हार चुके हैं। ये लोग हरियाणा की नाव पार नहीं करा सकते। दूसरी तरफ जेजेपी का दायरा सीमित है। उनकी विचारधारा भी धीरे-धीरे सिकुड़ती चली जा रही है।
हरियाणा के भाई और बहनों ने बेटी को बचाने का बीड़ा उठा लिया है। सही सरकार मिलती है तो हरियाणा के लोग कंधे से कंधा मिलाकर चलते हैं। दुनिया की सबसे बड़ी योजना, आयुष्मान योजना भी हरियाणा से शुरू हुई जो आज देशभर के गरीब परिवारों का सहारा बन गई। अगर ये योजना न होती तो 50 लाख गरीब परिवार मौत का इतंजार करते, या फिर कर्ज लेते। लेकिन इस योजना ने गरीबों को फिर से जीने की आशा दी।
भाजपा ने पांच वर्ष में हरियाणा को स्वच्छ और स्थिर सरकार दी। भाजपा ने सामाजिक सद्भाव से काम किया है। भाजपा ने जाति, बिरादरी के आधार पर भेदभाव करने के स्थान पर सबका साथ-सबका विकास का मंत्र दिया। भाजपा ने जो विकास किया वो यहां के गरीब के घर में दिखता है। किसानों के खेत-खलिहनों में दिखता है।
भाजपा का विकास उन युवाओं के चेहरे पर भी दिखता है, जिन्हें कौशल विकास के लिए प्राइमरी स्कूल की शिक्षा मिली। हरियाणा को खर्ची और पर्ची ने तबाह कर दिया था। पूरा खेल इसी पर चलता था। भाजपा सरकार ने इस योजना पर पूरा ताला लगा दिया। भाजपा सरकार ने जो काम किया वो हर वंचित, शोषित के घर में दिखता है।
हिसार ने हरियाणा को स्थिर सरकार दी। यहां से मुख्यमंत्री और मंत्री थे। मैं जब भी हिसार के किसानों से मिला वो हमेशा पानी की चर्चा करते थे। हिंदुस्तान के हक का पानी, जिस पर हक हिसार का था लेकिन दिल्ली में ऐसी सरकारें थीं कि पानी पाकिस्तान जाता रहा है और हमारा किसान पसीना बहाता रहा। बताएं क्या ऐसे लोगों को हरियाणा में वोट मागंने का अधिकार है। मैंने में भी हरियाणा का पानी पिया है। एख बार ठान लिया तो करके ही दिखाता हूं। मैं हिसार में कहता हूं। आपके हक का पानी अब पाकिस्तान नहीं जाएगा।
आज हिसार देश का उड्डयन क्षेत्र का प्रमुख हब बनने जा रहा है। दिल्ली और हिसार के बीच ट्रेन चल रही है। छह लेन का एक्सप्रेस-वे प्रस्तावित है। आने वाले समय में हरियाणा का विकास और तेज होगा। हरियाणा के वीर माताओँ का मैंने कर्ज चुकाया। हरियाणा की माताओं की कोख से जो जवान पैदा होता है वो तिरंगे के लिए अपना जीवन खपा देता है।
जम्मू-कश्मीर में वहां के नागरिकों की रक्षा करने के लिए हरियाणा का जवान अपनी जान न्योछावर करता है। अनुच्छेद 370 हटाकर मैंने अपने वीर जवानों को सच्ची श्रद्धांजलि दी। हमने जवानों के आगे नतमस्तक होकर अनुच्छेद 370 की बलि चढ़ाई।