उद्धव बोले: समान नागरिक आचार संहिता लागू करे सरकार, राम मंदिर के लिए बने विशेष कानून

अयोध्या में राम के मंदिर के निर्माण के विषय में उन्होंने कहा कि वे हमेशा राम मंदिर के निर्माण के लिए आवाज उठाते रहते हैं। वे अपनी इस आवाज को जब तक उठाते रहेंगे, जब तक मंदिर का निर्माण नहीं हो जाता है। राम केवल एक नाम नहीं हैं, बल्कि ये हमारी आस्था है। हमने कभी भी उनके नाम का इस्तेमाल राजनीति करने में नहीं किया।
विपक्षियों पर जमकर साधा निशाना
उद्धव ने कांग्रेस, एनसीपी और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या आपको लगता है कि शरद पवार और मायावती देश को चलाने में सक्षम हैं? इसीलिए मैंने भाजपा के साथ केंद्र और राज्य दोनों जगहों पर गठबंधन किया है। आज देख लीजिए देश कैसा चल रहा है। उद्धव ने कहा, भाजपा-शिवसेना का गठबंधन वास्तविक है। उनका यह गठबंधन उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा के जैसे नहीं है। जो सत्ता के लालच में किया गया हो, इसीलिए लोगों ने उन्हें खारिज कर दिया।
राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए ईडी का इस्तेमाल किए जाने के आरोपों पर ठाकरे ने कहा कि ये राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी हैं कौन? क्या ये पाक-साफ हैं? उन्होंने कहा कि पाक-साफ नेताओं को कोई निशाना नहीं बना रहा। क्या आप इस बात से सहमत हैं कि ईडी के राडार पर जितने भी हैं वे दागी नहीं है?
फसल बीमा के मुद्दे पर पार्टी के विरोध प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह जनता से जुड़े मुद्दों को उठाते हैं। उन्होंने कहा कि जब सरकार अपनी उपलब्धियों का प्रचार करती है, तो जमीन पर किए गए काम दिखते हैं। मैं सरकार के समक्ष जनता के मुद्दे उठाता रहूंगा।
बता दें कि महाराष्ट्र में 21 अक्तूबर को विधानसभा चुनाव होने हैं और 24 अक्तूबर को नतीजे आएंगे। यहां पर शिवसेना 124 और भाजपा 150 सीटों चुनाव लड़ रही है। 14 सीटें सहयोगी दलों को दी गई हैं।