देहरादून। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डा. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि लंबी लड़ाई के बाद हिंदुओं का अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का सपना साकार हुआ है। अब केंद्र सरकार देश में राम राज्य लाने की दिशा में तेजी से काम करे। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि देश में हिंदुओं की आबादी स्थिर होने लगी है, जबकि तुलनात्मक अध्ययन में पता चला है कि मुस्लिम और ईसाई आबादी बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार हर वर्ग पर दो बच्चों का कानून सख्ती से लागू करे अन्यथा एक दिन ऐसा आएगा, जब हिंदू देश में अल्पसंख्यक हो जाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष डाक्टर प्रवीण भाई तोगड़िया देहरादून के दौरे पर हैं। यशोदा हास्पिटल (धर्मपुर) में उनका भव्य स्वागत किया गया। प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रीय बजरंग दल के अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह ने बताया कि तोगड़िया कायकर्त्ताओं को संबोधित करेंगे।
डा. प्रवीण तोगड़िया बुधवार को देहरादून के धर्मपुर में एक अस्पताल का उद्घाटन करने पहुंच थे। इस कार्यक्रम के बाद वह पत्रकारों से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि दो हजार वर्ष पहले दुनिया में ईसाई नहीं थे। इसके बाद भारत पर इतने आक्रमण हुए कि भारत गुलाम हो गया। दुनियाभर में हिंदू समाप्त होने लगे। फिर आजादी की लड़ाई लड़ी गई। आज विश्व में 44 मुस्लिम देश ऐसे हैं, जहां लोकतंत्र नहीं है। कहा कि देश में यही स्थिति रही तो 50 साल बाद भारत में हिंदू 50 करोड़ रह जाएंगे और मुस्लिम 60 करोड़ व ईसाई 20 करोड़ हो जाएंगे। तब देश में हिंदू प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति नहीं बन पाएंगे।
हिंदुओं को बचाने के लिए हिंदुओं को ही आगे आना होगा
डा. तोगड़िया ने कहा कि देश में कोई भी गरीब भूखा न रहे, इसके लिए परिषद ने एक मुट्ठी अनाज योजना शुरू की है। इसका लाभ लेने के लिए एक हेल्पलाइन शुरू की गई है। इसके अलावा शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अलग-अलग हेल्पलाइन शुरू की गई हैं। इनमें निश्शुल्क सेवाएं दी जा रही हैं। इन हेल्पलाइन से देश के लाखों हिंदू जुड़ चुके हैं। उन्होंने हिंदू युवाओं का आह्वान किया कि वह गरीबों की मदद करें। कहा कि हिंदुओं को बचाने और संरक्षित करने के लिए हिंदुओं को ही आगे आना होगा।
काशी-मथुरा कारिडोर नहीं, भव्य काशी विश्वनाथ मंदिर चाहिए
डा. तोगड़िया ने कहा कि हमें काशी-मथुरा कारिडोर नहीं, बल्कि पूर्व की तरह भव्य और गौरवशाली काशी विश्वनाथ मंदिर चाहिए। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब की तरह भारत भी तब्लीगी जमात पर प्रतिबंध लगाए।