Young वोट करेगा तो चौकीदार की चौकी चली जाएगीः Akhilesh Yadav
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव
एटा-कासगंज लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी के समर्थन में शहर के जीआईसी मैदान पर बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नया भारत बनाने के लिए देश को झूठों से बचाना है। उन्होंने मंच से भाजपा पर जमकर निशाना साधा। साथ ही शिक्षामित्रों को समायोजित करने का वादा भी किया। अखिलेश यादव ने मंच पर आते ही लोगों अभिवादन किया। इसके बाद एटा लोकसभा से प्रत्याशी डा. देवेंद्र यादव और फर्रुखाबाद लोकसभा सीट से गठबंधन के प्रत्याशी मनोज अग्रवाल का हाथ पकड़ कर एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन देश में परिवर्तन लाने के लिए हुआ है जो खुद को चौकीदार और गठबंधन को महामिलावट कह रहे हैं जनता उनकी चौकी छीन लेगी। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा देश तोड़ने का काम कर रही है और गठबंधन जोड़ने का। भाजपा सेना के नाम पर भी झूठ बोलने से नहीं हिचकिचा रही है। अमेरिका ने दावा किया है कि पाकिस्तान में उनके सभी एफ-16 सही हैं। हमारा देश जवानों के कारण सुरक्षित है न कि भाजपा के कारण।
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा के घोषणा पत्र को धोखा पत्र बताया। कहा कि इस धोखा पत्र से रोजगार और नौकरी की बात गायब है। प्रदेश में अगर किसी सरकार ने सबसे ज्यादा नौकरी दी हैं तो वह समाजवादी सरकार ने दी हैं। अगर सरकार फिर बनी तो सीधी भर्ती होंगी।
शिक्षामित्र जो 2014 और 2017 में इनके द्वारा ठग लिए गए थे वह आज परेशान हैं। उन्हें जेल जाना पड़ा और करीब एक हजार शिक्षामित्रों ने खुदकुशी कर अपनी जान दे दी। अखिलेश यादव ने कहा कि युवा एक साथ वोट देकर जल्द ही बाबाजी को मठ में भेजने का काम करेंगे। इन्हीं बाबाजी ने मुख्यमंत्री आवास को गंगाजल से धुलवाया था।
सरकारी आवास खाली करने पर टोंटी चुराने का आरोप लगाया था। उन अधिकारियों को भी नहीं बख्शा जाएगा। जिन्होंने यह घृणित काम किया था। सरकार जाने पर बाबाजी की चिलम भी ढूंढकर निकाली जाएगी। जिस नक्सलवाद को भाजपा खत्म करने की बात कह रही थी। वही नक्सलवाद भाजपा के विधायकों और आम लोगों की जान ले रहा है।