सपना चौधरी: भारत राजनीती
दिल्ली की सभी सात सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। दिल्ली पुलिस ने चुनाव आयोग के दिशानिर्देश पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। चुनाव शांति पूर्वक, निष्पक्ष हो और कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। दिल्ली में शांति पूर्वक चुनाव कराने के लिए दिल्ली पुलिस के 61 हजार जवानों के अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बलों की 47 कंपनियों को लगाया गया है। इसके अलावा सुरक्षा बलों को सपोर्ट करने के लिए 13 हजार होमगार्ड को भी लगाया गया है। मतदान के दौरान राजधानी से सटे सभी बार्डर पर शनिवार रात से ही सुरक्षा कर दी गई। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पड़ोसी राज्यों से भी हालात पर नजर रखने के लिए कहा है। दिल्ली पुलिस प्रवक्ता व नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि मतदान केंद्रों पर किसी भी गड़बड़ी से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। मतदान संपन्न होने के बाद ईवीएम को स्ट्रांग रूम तक ले जाने और उनकी सुरक्षित रखवाने के लिए भी सुरक्षा बलों की टीमों का गठन कर दिया गया है। मतगणना तक स्ट्रांग रूम (जहां ईवीएम को सुरक्षित रखा जाएगा) की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मतदान के दौरान किसी भी हमले से निपटने के इंतजाम भी किए गए हैं।
अधिसूचना जारी होने के बाद राजधानी में हुई भारी बरामदगी
इलेक्शन सेल के पुलिस उपायुक्त शरद कुमार सिन्हा ने बताया कि 10 मार्च 2019 को चुनाव आयोग द्वारा अधिसूचना जारी की गई थी। इसी कड़ी में पुलिस ने अब तक कुल 1.41 लाख लीटर शराब बरामद की है। इसके अलावा 694 अवैध हथियार, 3026 कारतूस, 3.73 करोड़ की ड्रग्स, 4.38 करोड़ रुपये की बरामदगी की गई है। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के दौरान 10497 लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
लोकसभा सीट के अनुसार संवेदनशील बूथों की संख्या
1. चांदनी चौक 67
2. उत्तर-पूर्वी 80
3. पूर्वी दिल्ली 62
4. नई दिल्ली 120
5. उत्तर-पश्चिम 44
6. पश्चिम 50
7. दक्षिण दिल्ली 100
(संवेदनशील बूथों की संख्या-523)
शाम 6 बजे तक डाल सकेंगे वोट
दिल्ली के 1.43 करोड़ मतदाताओं को मतदान के लिए 11 घंटे का वक्त मिलेगा। मतदान से पहले सभी 13819 बूथों पर पूरी तैयारियां कर ली गई हैं ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। दिल्ली के 523 संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा के लिहाज से सुरक्षा कर्मी मुस्तैद हैं। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) कड़ी सुरक्षा में रखी गई, जिससे दिल्ली की सभी सीटों पर अपना भाग्य आजमा रहे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने के लिए मतदाना ईवीएम के बटन का इस्तेमाल कर सकें। इस लोकसभा चुनाव में पहली बार सभी मतदान केंद्रों पर वीवीपैट का इस्तेमाल किया जाएगा।
523 संवेदनशील बूथों पर पुख्ता सुरक्षा के बीच होगी वोटिंग
संवेदनशील बूथों की संख्या बढ़कर 523 हो गई हैं, जहां सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और पैरा मिलिट्री की तैनाती कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर विडियो रिकॉर्डिंग, वेब कास्टिंग सहित सुरक्षा कर्मियों की भी पैनी निगाहें होंगी।
25146 बैलट यूनिट के साथ साथ 13819 ईवीएम का होगा इस्तेमाल
लोकसभा चुनाव में इस बार 13819 ईवीएम और इतनी ही संख्या में वीवीपैट का इस्तेमाल किया जाएगा। चुनाव में पारदर्शिता के लिहाज से इस बार पहली बार वीवीपैट का इस्तेमाल किया जा रहा है। वोटिंग के बाद एक संसदीय सीट पर पांच वीवीपैट मशीन का औचक निरीक्षण किया जाएगा ताकि किसी भी तरह का संशय न रहे। चुनाव में 25146 बैलट यूनिट को प्रयोग में लाया जाएगा जबकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए 6125 बैलट यूनिट और 4345 सेंट्रल यूनिट के अलावा 5242 बैलट यूनिट भी रिजर्व रखे गए हैं।
वोटिंग के लिए होंगे 17 पिंक, 70 मॉडल बूथ
चांदनी चौक क्षेत्र में दो, उत्तर पूर्वी दिल्ली में एक, पूर्वी दिल्ली में 10, नई दिल्ली में एक, उत्तर पश्चिम में एक, पश्चिमी दिल्ली में एक, दक्षिणी दिल्ली में एक पिंक बूथ बनाया गया है।
दिल्ली की सभी 7 सीटों पर आज ही वोट डाले जा रहे हैं। 2014 में भाजपा ने इन सातों सीटों पर कब्जा किया था। चांदनी चौक सीट पर वोटिंग के लिए खड़े मतदाता।

पूर्व क्रिकेटर और पूर्वी दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार गौतम गंभीर पत्नी के संग वोटिंग करने पहुंचे। गंभीर के सामने आप से आतिशी मार्लेना और कांग्रेस से पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली मैदान में हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने भी सजग मतदाता का फर्ज निभाते हुए सुबह-सुबह ही मतदान किया। उन्होंने गुरुग्राम के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया।

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर में मतदान किया।