जम्मू-कश्मीर: शहीद के परिजनों से मिलने के बाद शाह ले रहे हैं प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर बैठक
गृहमंत्री अमित शाह और राज्यपाल मलिक ने की राज्य में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा - फोटो : bharat rajneeti
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के जम्मू-कश्मीर दौरे का आज दूसरा दिन है। अमित शाह आज शहीद इंस्पेक्टर अरशद खान के श्रीनगर स्थित आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने शहीद अरशद खान के परिवार से मुलाकात की। अमित शाह शहीद के परिजनों से मुलाकात के बाद प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्यपाल सत्यपाल मलिक की अगुवाई वाली बैठक में समीक्षा कर रहे हैं।
हमले में अरशद खान घायल हो गए थे, पहले उन्हें श्रीनगर में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, फिर अरशद खान को श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज से एयर एंबुलेंस के जरिये दिल्ली एम्स लाया गया था, लेकिन इलाज से पहले ही उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, अरशद खान की हालत काफी नाजुक थी।
प्रदेश भाजपा और सरपंचों व पंचों के दल से मिलेंगे
अमित शाह से आज प्रदेश भाजपा विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन की मांग करेगी, इसके अलावा सरपंचों व पंचों का तीस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी गृहमंत्री से मुलाकात करेगा।
आपको बता दें कि रियासत के पहले दौरे के दौरान प्रदेश भाजपा विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन की मांग पुरजोर तरीके से रखने का मन बना चुकी है। प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना की अगुवाई में करीब सौ प्रमुख नेता शाह से मिलने के लिए श्रीनगर पहुंच चुके हैं।
आज सुबह 11 से दोपहर 12.30 बजे तक प्रदेश भाजपा को विभिन्न मुद्दों पर अमित शाह के समक्ष अपना पक्ष रखने का समय निर्धारित हुआ है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार श्री अमरनाथ यात्रा में बस कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में पार्टी चाहती हैं कि यात्रा के समय में कोई भी विवादित मुद्दे को ज्यादा तूल न मिले। हालांकि विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन की मांग को पुरजोर तरीके से केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष रखा जाएगा। पार्टी चाहती हैं कि विधानसभा क्षेत्रों का परिसीमन हो।
इसके अलावा श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व उन्हें बेहतर सुविधाएं देने के अलावा विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश में पार्टी की तैयारियों, अनुच्छेद 35ए और 370 को हटाने के संबंध में अपना पक्ष रखेगी।
प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना से इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि जम्मू से उनके समेत पार्टी उपाध्यक्ष, महासचिव, पूर्व विधायक, एमएलसी समेत करीब सौ नेता श्रीनगर पहुंच चुके हैं और वीरवार सुबह 11 बजे केंद्रीय गृह मंत्री से प्रदेश भाजपा नेताओं की बैठक निर्धारित की गई है।
सरपंचों व पंचों का तीस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शाह से मिलेगा
राज्य में निर्वाचित सरपंचों व पंचों के प्रमुख संगठन आल जम्मू कश्मीर पंचायत कांफ्रेंस का तीस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल वीरवार रात आठ बजे श्रीनगर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलेगा। कांफ्रेंस के अध्यक्ष अनिल शर्मा के अनुसार रियासत के सभी संभागों से तीस सदस्यीय प्रतिनिधि श्रीनगर पहुंच चुके हैं और वीरवार को केंद्रीय गृह मंत्री से मिलने का समय मिल चुका है।
उनके अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री से रियासत में संविधान के 73वें संशोधन को पूरी तरह से लागू करने, ब्लाक डेवलपमेंट काउंसिल के चुनाव करवाने की मांग की जाएगी। उनका कहना हैं कि निर्वाचित सरपंचों व पंचों की सुरक्षा मजबूत करने के अलावा मानदेय की जगह वेतन का प्रावधान करने और पंचायत विकास फंड का प्रावधान करने की मांग भी की जाएगी।