
झारखंड विधानसभा चुनावों को देखते हुए सभी पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है। इस कड़ी में भाजपा के दिग्गज नेता और गृह मंत्री अमित शाह झारखंड में अपने चुनाव प्रचार का आगाज करने के लिए गुरुवार को राज्य के मनिका पहुंचे हैं। उनके साथ मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम माथुर भी हैं। चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री शाह ने कहा कि आज लातेहार से भारतीय जनता पार्टी के चुनाव अभियान का प्रारंभ हो रहा है। मुझे आनंद है कि जहां चुनाव प्रचार होता है वहां लोग ही लोग दिखते हैं।
उन्होंने कहा कि मैं झारखंड भाजपा को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने प्रचार अभियान के शुभारंभ के लिए उस भूमि को चुना, जो भूमि भगवान बिरसा मुंडा, नीलाम्बर-पीताम्बर की भूमि है, राजा मेदिनी राय की भूमि है, जिन्होंने देश के अपना सबकुछ न्योछावर किया है। मैं लातेहार की क्रांतिकारी भूमि को प्रणाम करता हूं।
उन्होंने कहा कि लोग मरते रहे, युवाओं की जानें गईं लेकिन झारखंड राज्य का सपना पूरा नहीं हुआ। ये लड़ाई तब तक समाप्त नहीं हुई, जब तक कांग्रेस का शासन रहा। झारखंड की रचना तब हुई जब दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी, दिल्ली में अटल जी की सरकार बनी। अटल जी ने झारखंड का निर्माण करके झारखंड के लोगों को उनका अधिकार दिया।
शाह ने कहा कि झारखंड को अधिकार देने का काम अटल बिहारी वाजपेयी की नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने किया। आपका वोट विकास करने वाला है, आपका वोट झारखंड को आगे ले जाने वाला है। उन्होंने कहा कि आपका एक वोट ये तय करेगा कि अगले 5 साल में झारखंड में किसकी सरकार बनेगी। आप ये मत सोचना कि आप विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री चुनने जा रहे हैं। मेरा आप सबसे कहना हैं कि आपका एक वोट झारखंड के विकास के लिए है, झारखंड को आगे बढ़ाने वाला है।
राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास की तारीफ करते हुए शाह ने कहा कि पांच साल के बाद मैं यहां आया हूं। हमारे रघुवार दास ने पांच साल में राज्य को आगे बढ़ाने का काम किया है। हमारे मोदी जी ने दिल्ली में बैठकर हर पल झारखंड के विकास की चिंता की है। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि आप 70 साल सत्ता में रहे। गरीबों के घर में बिजली, रसोई गैस क्यों नहीं पहुंची? भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई तो हर घर में बिजली और मां-बहनों के पास रसोई गैस पहुंची।
गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 70 साल तक पिछड़ा समाज के साथ अन्याय किया है। पिछड़ा समाज के लोग अपने संवैधानिक अधिकार की मांग कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस उनके अधिकार की मांग पर ध्यान नहीं दिया। नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री बनकर आए तो पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक बनाकर करोड़ों-करोड़ों लोगों को उनका अधिकार दिया।
उन्होंने कहा कि पिछड़ा समाज को उसका अधिकार अधिक से अधिक मिले, इसके लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार आयोग बनाकर सुनिश्चित करेगी कि पिछड़े समाज को अधिक से अधिक आरक्षण का लाभ मिले। उन्होंने आगे कहा कि सन् 1857 की क्रांति में अंग्रेजों के खिलाफ जब पूरा देश लड़ रहा था तब सबसे बड़ी लड़ाई पलामू के लोगों ने लड़ी थी, यहां की जन-जातियों ने खुलकर हिस्सा लिया और क्रांति की मशाल को जलाए रखा।
अमित शाह ने कहा कि हमने 35 लाख लोगों के घर में गैस का सिलेंडर पहुंचाने का काम किया, पांच लाख से ज्यादा लोगों को घर देने का काम किया और पूरे झारखंड के हर घर में शौचालय और पीने का पानी पहुंच जाए, इस प्रकार की व्यवस्था भी भाजपा की सरकार कर रही है।
उन्होंने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी और राहुल गांधी जी से कि आपने 70 साल में क्या काम किया है? कांग्रेस को चुनौती है कि आपके 70 साल के काम, हमारे पांच साल के काम का हिसाब कर लो। हमारे पांच साल के काम आपके 70 साल पर भारी पड़ेंगे।
शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा आदिवासियों और पिछड़ों की बात करते हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि 70 साल तक आपने शासन किया, गरीब के घर में गैस, बिजली, स्वास्थ्य कार्ड, शौचालय क्यों नहीं पहुंचा? इनके पास कोई बात का जवाब नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि मानिका और लातेहार में जो काम भाजपा सरकार ने किए हैं वो मैं आपको बताना चाहता हूं- हमारी सरकार ने बिरसा मुंडा की जन्मस्थली और कर्म स्थली पर उनके सम्मान में स्मारक बनाया और 2018 में पहली बार 70 साल के बाद डिग्री कॉलेज की स्वीकृति देने का काम किया।
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य आदिवासी संवर्धन सोसाइटी के तहत महिला किसान शक्ति के रूप में लेमन ग्रास और तुलसी को उपजा कर महिलाओं की आय में वृद्धि करने का काम किया। सिर्फ मनिका विधानसभा में 300 करोड़ रुपये की लागत से 554 किमी का रास्ता बना है।
शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी ने तय किया कि देशभर में हर जिले में आदिवासियों के लिए एकलव्य विद्यालय बनाएंगे और हमें यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने देशभर में आदिवासियों के लिए 438 एकलव्य विद्यालय बनाए हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत जी आज आदिवासी भाई-बहनों की बात करते हैं, मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि आप किसके साथ बैठे हो उस पार्टी के साथ जिसने 70 सालों में देश और आदिवासी भाइओं को लूटने का काम किया है।
अमित शाह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के सपने को पूरा करने के लिए नरेंद्र मोदी सरकार दिन-रात काम कर रही है। झारखंड की रघुवर दास की सरकार ने सबसे बड़ा काम जो किया है, वह है नक्सलवाद को खत्म करने की दिशा में। उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार ने पांच साल के अंदर झारखंड में नक्सलवाद को खत्म करने काम किया है इसी का परिणाम है कि प्रदेश के हर गांव में बिजली, रोड, चूल्हा आदि पहुंच चुका है. यह इसलिए संभव हो पाया कि झारखंड में डबल इंजन की सरकार है।
शाह ने कहा कि आदिवासी भाइयों-बहनों के लिए मोदी सरकार ने बहुत काम किए हैं। पांच साल के अंदर आदिवासियों का गौरव बढ़ाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड की हमने रचना की, इस फंड से 32 हजार करोड़ रुपये आदिवासी भाइयों-बहनों के विकास के लिए दिए गए। उन्होंने आगे कहा कि मैं झारखंड की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं कि आपने मोदी जी को राज्य से 12 सीटें दी। अगर आपने इतनी सीटें नहीं दी होती तो केंद्र में नरेंद्र मोदी जी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार नहीं बनती।
अमित शाह ने कहा कि आज झारखंड विकास के पथ पर अग्रसर है, क्योंकि ऊपर नरेंद्र मोदी की सरकार है और राज्य में भी भाजपा की सरकार है। झारखंड को अटल जी ने बनाया, मोदी जी संवारेंगे और झारखंड को एक नंबर का राज्य बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ने आपको 10 साल का समय दिया था, लेकिन आप झारखंड के लिए कुछ नहीं कर पाए। मैं कांग्रेस और हेमंत जी से कहना चाहता हूं कि चुनाव में आप आ रहे हैं तो हिसाब लेकर आइए कि झारखंड के विकास के लिए क्या किया? झारखंड के लोगों को जवाब दीजिए।
उन्होंने कहा कि सोनिया-मनमोहन की सरकार ने झारखंड को केवल 55 हजार करोड़ रुपये दिए। नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने झारखंड के विकास के लिए इससे छह हजार गुना अधिक धन 3 लाख 8 हजार 487 करोड़ रुपये दिए।
शाह ने कहा कि वोट के लालच में कांग्रेस ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 का समाधान नहीं निकाला। नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने भारत माता के मुकुट पर लगे इस कलंक को हटाकर इस समस्या का समाधान कर दिया। उन्होंने कहा कि आप बताइए, राम मंदिर बनना चाहिए कि नहीं? मगर ये कांग्रेस पार्टी न्यायालय में केस ही नहीं चलने देती थी। अभी उच्चतम् न्यायालय ने सर्वानुमति से यह निर्णय कर दिया है। राम जन्मभूमि पर आसमान छूने वाला मंदिर बनेगा।
उन्होंने कहा कि हम चाहते थे कि निर्णय न्यायालय करे, संवैधानिक रूप से इस विवाद का अंत हो और देखिए उच्चतम न्यायालय ने इसका समाधान कर दिया और भव्य राम मंदिर के निर्माण का प्रशस्त कर दिया। पीएम नरेन्द्र मोदी जी देश की एक के बाद एक समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।